आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 14 अप्रैल,डिंडोरी जिले के बरबसपुर रैयत ग्राम में बहुजन समाज पार्टी की जिला इकाई द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर दिनांक 14 अप्रैल को दोपहर 1 बजे विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बसपा जिला प्रभारी मंडला इंदर सिंह उइके मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में उइके ने बाबा साहेब द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने की अपील करते हुए उन्हें संविधान निर्माता के रूप में श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बसपा के संस्थापक मान्यवर कांशीराम को भी नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश में सो रहे समाज को जगाया और 1984 में बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष डुमारी चौधरी ने डॉ. अंबेडकर के जीवन से जुड़ी घटनाओं को विस्तार से बताया, जबकि जिला महासचिव तुलसी साहू ने एक लोकगीत के माध्यम से बाबा साहेब के योगदान को प्रस्तुत किया।
जिला अध्यक्ष मो. असगर सिद्दीकी ने सभी को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए युवाओं को बसपा से जोड़ने पर जोर दिया और संगठन को गांव, बुध और सेक्टर स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि बाबा साहेब का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्यप्रदेश के महू में हुआ था, वे नौ भाषाओं के ज्ञाता थे और उन्होंने इंग्लैंड से वकालत की पढ़ाई कर भारत का संविधान लिखा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों व ग्रामीणों का आभार प्रकट किया गया और उपस्थित महिला, पुरुष एवं बच्चों को नाश्ता वितरित किया गया। इस अवसर पर अंसार अहमद, प्रताप सिंह आर्मो, घनश्याम नामदेव, ओमप्रकाश रैदास, महेंद्र झारिया, रमेश चंद्र सेन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शाहपुर में भाजपा ने भी मनाई बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती
शाहपुर मंडल में भारतीय जनता पार्टी की ओर से भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हरिजन बस्ती सुरजपुरा में मनाई गई। इस कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोहर ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने डॉ. अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्पहार अर्पित कर तिलक लगाते हुए श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में ठाकुर ने कहा कि बाबा साहेब ने दलितों, वंचितों, पिछड़ों और महिलाओं के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने समाज में व्याप्त असमानता के खिलाफ आवाज उठाई और संविधान निर्माण के माध्यम से सभी वर्गों को न्याय दिलाने का कार्य किया।
कार्यक्रम का संचालन रामविशाल झारिया ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ नेता रेवा पांडे, संजू झारिया, राहुल झारिया, अनुज झारिया, नीरज रजक, प्रभात झारिया, प्रशांत झारिया, वीरेन्द्र झारिया, गौरव चौबे, हर्ष ठाकुर, नरेश कछवाहा समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में भारत झारिया द्वारा सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।