बाल एवं कुमार श्रम प्रतिषेध हेतु टास्कफोर्स समिति की बैठक संपन्न - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

बाल एवं कुमार श्रम प्रतिषेध हेतु टास्कफोर्स समिति की बैठक संपन्न

आई विटनेस न्यूज़ 24 गुरुवार , 26 सितंबर 2024

       डिंडोरी     कलेक्टर हर्ष सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बाल एवं कुमार श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 टास्कफोर्स समिति की बैठक का आयोजन किया गया। उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी रति सिंह सिंद्राम, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्याम सिंगौर, श्रम निरीक्षक नीरज तेकाम, लक्ष्मीकांत पटेल, शिवशंकर मेहरा सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। 

      कलेक्टर हर्ष सिंह ने बाल एवं कुमार श्रम पर जिले की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि स्थानीय स्थिति के अनुसार शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं अन्य एनजीओ के साथ समन्वय कर कार्य किया जा रहा है। बताया गया कि गत माह में कार्यालय में प्राप्त 04 शिकायतों पर अभियोजन की कार्यवाही की गई। पेंसिल पोर्टल के माध्यम से बाल श्रम को रोकने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं एवं चाईल्ड हेल्पलाईन 1098 का प्रचार-प्रसार भी जिले में जगह-जगह पर किया जाता है। 

      कलेक्टर हर्ष सिंह ने बाल श्रम चिन्हांकन एवं उनका उचित निराकरण करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमानुसार चिन्हांकन की कार्यवाही करें। शिक्षा विभाग के अधिकारी शाला त्याग दर की जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे बाल श्रम के मामलों का पता लगाया जा सके तथा बच्चों को विद्यालय जाने के लिए प्रेरित करें और लोगों को समझाईस दें। सभी संबंधित विभाग आपसी सामंजस्य से बाल एवं कुमार श्रम को रोकने के लिए संयुक्त प्रयास करें।